डूंगरपुर में सभापति सुशीला गुप्ता की सख्ती का असर, एक महीने में आधी हुई सफाई संबंधी शिकायतें
Tuesday, Nov 17, 2026-06:30 PM (IST)
डूंगरपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद ने अब त्वरित कार्रवाई की रणनीति अपनाई है। सभापति सुशीला गुप्ता की सख्ती के बाद सफाई संबंधी शिकायतों के निस्तारण में तेजी आई है। हालात यह हैं कि शिकायत मिलते ही नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कर रही है। इसका असर शिकायतों के आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। एक महीने पहले जहां प्रतिदिन सफाई संबंधी शिकायतों का आंकड़ा 40 से 50 तक पहुंच रहा था, वहीं अब यह घटकर 15 से 20 के बीच रह गया है।
सभापति सुशीला गुप्ता के नेतृत्व में नगर परिषद बोर्ड ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया है। शिकायत कक्ष में दर्ज होने वाली शिकायतों के साथ पार्षदों के माध्यम से मिलने वाली समस्याओं पर भी तत्काल कार्रवाई की जा रही है। शिकायत मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को सूचना देकर मौके पर भेजा जा रहा है, ताकि आमजन को समस्याओं के समाधान के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़े।
हर वार्ड में सफाई व्यवस्था की निगरानी
नगर परिषद की ओर से अब प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मचारियों के साथ वार्ड कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। ये कर्मचारी पार्षदों के साथ मिलकर वार्डों में स्वच्छता और सुंदरता की निगरानी कर रहे हैं। सभापति और उपसभापति भी समय-समय पर वार्डों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि नगर परिषद का प्रयास है कि आमजन की शिकायत मिलते ही उसके समाधान की प्रक्रिया शुरू हो जाए। सफाई के अलावा बिजली, पेड़ों की छंटाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी प्राथमिकता से कार्रवाई की जा रही है। बिजली के पोल पर खराब लाइटों को ठीक करवाने, पार्कों की सुंदरता बढ़ाने, झाड़ियों की कटिंग और पेड़ों की छंटाई जैसे कार्य भी करवाए जा रहे हैं।
घर-घर कचरा संग्रहण पर जोर, आमजन से सहयोग की अपील
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जा रहा है। नगर परिषद की कचरा संग्रहण गाड़ियां प्रत्येक घर तक पहुंच रही हैं और गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित किया जा रहा है।
सभापति सुशीला गुप्ता ने शहरवासियों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाला कचरा सड़क, नाली या खाली भूखंडों में नहीं डालें। कचरा केवल नगर परिषद के संग्रहण वाहनों में ही दें। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी पूरी निष्ठा से अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन शहर को स्वच्छ बनाए रखने में आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
पुरानी फाइलों का भी होगा निस्तारण, सात दिन में काम करने का प्रयास
नगर परिषद ने सफाई व्यवस्था के साथ प्रशासनिक कार्यों में लंबित मामलों को खत्म करने की दिशा में भी पहल की है। सभापति के अनुसार पट्टे, उपविभाजन, नामांतरण और निर्माण स्वीकृति से संबंधित फाइलों का निस्तारण सात दिन में करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके अलावा लंबे समय से लंबित पुरानी फाइलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। नगर परिषद में नो पेंडेंसी व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को अपने छोटे-बड़े कामों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
केके गुप्ता बोले- डूंगरपुर बनेगा देश का स्वच्छता मॉडल
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता ने सभापति सुशीला गुप्ता और नगर परिषद बोर्ड के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद से ही बोर्ड ने शहर की दिशा और दशा बदलने के लिए सकारात्मक पहल की है।
गुप्ता ने कहा कि डूंगरपुर पहले ही स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेशभर में अपनी पहचान बना चुका है। अब इसे स्वच्छता, पर्यावरण और सुंदरता के क्षेत्र में देश का रोल मॉडल बनाने का लक्ष्य होना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयासों और आमजन की भागीदारी से ही शहर की तस्वीर बदली जा सकती है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे घरों और दुकानों का कचरा कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाएं। नगर परिषद के कर्मचारी और पार्षद शहर की स्वच्छता के लिए लगातार काम कर रहे हैं। ऐसे में जनसहयोग से ही डूंगरपुर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाया जा सकता है।
