डूंगरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सीक्रेट कैबिन से 71 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद, बाड़मेर का तस्कर गिरफ्तार

Thursday, Jul 30, 2026-05:46 PM (IST)

डूंगरपुर: राजस्थान के डूंगरपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन स्वच्छता" के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर एक कंटेनर ट्रक की तलाशी के दौरान बैटरी बॉक्स के ऊपर बनाए गए गुप्त कैबिन से 71 कार्टन चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक को जब्त कर चालक नवाब खान (निवासी बाड़मेर) को गिरफ्तार कर लिया है।

मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खीव सिंह और वृत्ताधिकारी हेरम जोशी के मार्गदर्शन में बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेन्द्र देवल के नेतृत्व में पुलिस टीम रतनपुर चौकी क्षेत्र में एनएच-48 पर वाहनों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उदयपुर से गुजरात जा रहे कंटेनर ट्रक (GJ-01-FT-1943) में गुप्त कैबिन बनाकर अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप छिपाई गई है।

बैटरी बॉक्स के ऊपर बने सीक्रेट कैबिन में छिपाई गई थी शराब

सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध कंटेनर को रुकवाकर उसकी गहन तलाशी ली। शुरुआती जांच में कंटेनर पूरी तरह खाली दिखाई दिया, लेकिन पुलिस ने जब बारीकी से निरीक्षण किया तो बैटरी बॉक्स के ऊपर बने एक सीक्रेट कैबिन का पता चला।

इस गुप्त स्थान से 'For Sale Only in Chandigarh' अंकित विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब के 71 कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही शराब और कंटेनर ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गुजरात भेजी जा रही थी शराब की खेप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद शराब की खेप गुजरात में अवैध रूप से सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों, सप्लाई चेन और पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News