पंचायतीराज चुनाव से पहले कांग्रेस का कुनबा बढ़ा, BAP-BJP के कई कार्यकर्ताओं ने थामा हाथ

Sunday, Oct 04, 2026-05:10 PM (IST)

डूंगरपुर। पंचायतीराज चुनाव को लेकर डूंगरपुर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। रविवार को कांग्रेस की ओर से बिछीवाड़ा, डूंगरपुर, सीमलवाड़ा और चिखली ब्लॉक में कार्यकर्ता बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोगरा ने कार्यकर्ताओं से जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में काम करने का आह्वान किया।

BAP और BJP के कार्यकर्ताओं ने ज्वाइन की कांग्रेस

बैठकों के दौरान कांग्रेस को उस समय राजनीतिक मजबूती मिली, जब भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और भाजपा से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बिछीवाड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत करहल माता से BAP के ब्लॉक अध्यक्ष रमेश डॉन, पंचायत समिति सदस्य आशा/दिलीप डामोर समेत कई कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में नरसिंह अहारी, सुशील अहारी, हितेश अहारी, जगदीश अहारी, नितेश अहारी, अश्विन अहारी, अरविंद अहारी और महेश डॉन सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

वहीं, आमझरा क्षेत्र में भाजपा से जुड़े नारायण अहारी ने कांग्रेस का दामन थामा। इसके अलावा BAP के जय कटारा ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

पांचमहुड़ी में भी BAP कार्यकर्ताओं ने छोड़ा साथ

पांचमहुड़ी क्षेत्र में भी BAP को झटका लगा। यहां BAP कार्यकर्ताओं लोकेश रोत, विनोद खराड़ी, सुरेश, नारायण, गौरीशंकर बरांडा और दीपक डामोर सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की।

कांग्रेस नेताओं ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया और आगामी पंचायतीराज चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

इस मौके पर विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। उन्होंने जिला परिषद और पंचायत समिति क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

घोगरा ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचने और पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

पंचायतीराज चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

डूंगरपुर में पंचायतीराज चुनाव से पहले BAP और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होना स्थानीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आदिवासी बहुल डूंगरपुर में BAP की मजबूत राजनीतिक मौजूदगी को देखते हुए कांग्रेस के लिए इन नेताओं और कार्यकर्ताओं का साथ मिलना चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

अब देखना होगा कि आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस, भाजपा और BAP के बीच मुकाबला किस दिशा में जाता है और दल-बदल की यह सियासी हलचल चुनावी नतीजों पर कितना असर डालती है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News