डूंगरपुर: NH-48 पर डकैती की साजिश नाकाम, 4 बदमाश गिरफ्तार, सरगना फरार
Wednesday, Feb 25, 2026-04:30 PM (IST)
डूंगरपुर: जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर आमझरा के पास डकैती की योजना बना रहे चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दबिश के दौरान गिरोह का एक मुख्य सदस्य अंधेरे और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।
थानाधिकारी कैलाश सोनी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे किनारे एक होटल के पास कुछ संदिग्ध हथियारों के साथ बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर चार आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
हथियार और बाइक बरामद
तलाशी में तलवार, फरसा, भाला और मिर्च पाउडर के पैकेट बरामद किए गए। साथ ही दो पावर बाइक भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने उदयपुर निवासी सुनील बरंडा, चुन्नीलाल उर्फ सुनील तथा डूंगरपुर निवासी संजय और रमेश उर्फ पीके को गिरफ्तार किया है।
कई वारदातें कबूलीं
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने डूंगरपुर, उदयपुर और बांसवाड़ा जिलों में लूट, चोरी और डकैती की छह वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें हाईवे पर डकैती, चेन स्नेचिंग और बाइक चोरी की घटनाएं शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 38 मामले दर्ज हैं।
फरार मुख्य आरोपी पेंद्र उर्फ पप्पू, निवासी बिजुड़ा, की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
