डूंगरपुर में पिता की हत्या और बेटे पर हमले का आरोपी गिरफ्तार, जंगल में छिपा था मुख्य आरोपी
Saturday, Apr 11, 2026-03:24 PM (IST)
डूंगरपुर में हत्या और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को कनबई क्षेत्र के जंगलों से दबोचा, जहां वह वारदात के बाद छिपकर रह रहा था। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल को रेडा फला निवासी कल्पेश बरंडा अपने पिता दिनेश बरंडा और एक रिश्तेदार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोरी गांव के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी और लोहे के पाइप से हमला कर दिया।
हमले में दिनेश बरंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा कल्पेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कनबई के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया और मुख्य आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट और जानलेवा हमले के कई मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
