Dungarpur Karate Girls: डूंगरपुर की बेटियों ने जीते गोल्ड-सिल्वर, जेनी मेहता और हिया भगोरा का नेशनल के लिए चयन
Thursday, Oct 08, 2026-05:08 PM (IST)
डूंगरपुर। गेप सागर की पाल पर गुरुवार को नगर परिषद की कराटे क्लास की बेटियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटी बेटियों का पूर्व सभापति एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता, सभापति सुशीला गुप्ता, उपसभापति अनिल पटेल, रामबोला मठ के महंत शिवशंकर दास सहित पार्षदों और नगर परिषद अधिकारियों ने स्वागत किया।
इस दौरान केके गुप्ता ने बेटियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बेटियां सोना जीतकर आई हैं, लेकिन शहर का असली सोना हमारी बेटियां हैं। उन्होंने कहा कि इन बेटियों की उपलब्धि पर पूरे शहर को गर्व है।
चार बेटियों ने जीते मेडल
राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में डूंगरपुर की 26 बेटियों ने हिस्सा लिया। इनमें से चार खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। जेनी मेहता ने गोल्ड मेडल, जबकि हिया भगोरा ने सिल्वर मेडल जीता। वहीं अनाया मीणा और मुबारिका मिठाईवाला ने कांस्य पदक हासिल किया।
जेनी मेहता और हिया भगोरा का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर नगर परिषद की ओर से उनका सम्मान किया गया।
2017 में शुरू हुई थी कराटे क्लास
पूर्व सभापति केके गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2017 में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत नगर परिषद के माध्यम से बेटियों के लिए निशुल्क कराटे क्लास शुरू की गई थी। इसमें 7 से 15 वर्ष की बेटियों को कराटे और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाता था।
उनके अनुसार उस दौरान 300 से अधिक बेटियों ने प्रशिक्षण लिया और कई खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई।
उन्होंने कहा कि कराटे सिर्फ खेल नहीं बल्कि बेटियों को आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए तैयार करने का माध्यम है। अब नगर परिषद के माध्यम से एक बार फिर कराटे क्लास शुरू की गई है।
महिला सशक्तीकरण पर जोर
नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि महिला सशक्तीकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान बोर्ड की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सभापति के कार्यकाल में शुरू किए गए नवाचारों को फिर गति दी जाएगी।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में ऐसे कार्य करने की बात कही, जिनसे डूंगरपुर को राजस्थान के सामने उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
रामबोला मठ के महंत शिवशंकर दास ने भी बेटियों को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उपसभापति अनिल पटेल ने कहा कि नगर परिषद शहर के सभी वर्गों के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की उम्मीद
कराटे प्रशिक्षक विपिन सिंह ने बताया कि गंगानगर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में डूंगरपुर की अलग-अलग आयु वर्ग की 26 बेटियों ने भाग लिया। जेनी मेहता ने गोल्ड और हिया भगोरा ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि अनाया मीणा और मुबारिका मिठाईवाला ने कांस्य पदक हासिल किया।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद की कराटे क्लास के जरिए बेटियों को खेल के साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। आने वाले समय में डूंगरपुर की बेटियों से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पार्षद नीता सोमपुरा, मनीष सेवक, समाजसेवी सिद्धार्थ मेहता सहित नगर परिषद के अधिकारी और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
