डूंगरपुर में अवैध शराब पर कार्रवाई, 1500 लीटर महुआ वॉश नष्ट

Sunday, Mar 01, 2026-06:17 PM (IST)

डूंगरपुर जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरदा थाना पुलिस ने मोरन नदी के किनारे दबिश देकर करीब 1500 लीटर महुआ वॉश नष्ट किया और मौके पर बनी देसी शराब की भट्टियों को तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि नदी किनारे अस्थायी ढांचों में महुआ से शराब तैयार की जा रही है। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस को देख वहां मौजूद लोग मौके से फरार हो गए।

जांच के दौरान सामने आया कि मिट्टी की भट्टियों पर मटकों और पाइपों की मदद से शराब तैयार की जा रही थी। प्लास्टिक ड्रमों में बड़ी मात्रा में महुआ वॉश रखा मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे उपकरणों और संरचनाओं को भी ध्वस्त कर दिया गया, ताकि दोबारा अवैध गतिविधि शुरू न हो सके।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News