दो साल से फरार दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार, डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र का मामला

Saturday, Feb 14, 2026-04:35 PM (IST)

डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म प्रकरण में पुलिस ने दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। मामला 12 दिसंबर 2023 को दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया था कि माता-पिता के निधन के बाद वह अपने छोटे भाई के साथ घर पर रहती थी। इसी परिस्थिति का लाभ उठाते हुए गांव के पास रहने वाले आरोपी ने फरवरी माह में रात के समय घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि आरोपी ने पीड़िता को धमकाया, जिसके कारण वह लंबे समय तक घटना के संबंध में किसी को जानकारी नहीं दे सकी। बाद में लगातार उत्पीड़न के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई और मामला पुलिस तक पहुंचा।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
 


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News