डूंगरपुर: बॉलीवुड और सूफी संगीत की धुनों पर झूमे शहरवासी, देर रात तक लक्ष्मण मैदान में उमड़ा जनसैलाब

Tuesday, Nov 03, 2026-06:29 PM (IST)

डूंगरपुर। नगर परिषद की ओर से आयोजित ऐतिहासिक दीपावली मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम जारी है। सोमवार रात लक्ष्मण मैदान में आयोजित बॉलीवुड एवं सूफी नाइट में मुंबई के प्रसिद्ध कलाकार मोहित वर्मा एंड टीम ने अपनी शानदार ऑर्केस्ट्रा और लाइव बैंड प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों और सूफियाना संगीत की मधुर धुनों पर शहरवासी देर रात तक झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। लाइव बैंड की शानदार प्रस्तुति के दौरान पूरा लक्ष्मण मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मेले में परिवारों, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। इसके साथ ही झूले, मनोरंजन के साधन और विभिन्न दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली।

जनसहभागिता से बनेगा स्वच्छ और विकसित डूंगरपुर: केके गुप्ता

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने की। इस दौरान केके गुप्ता ने कहा कि नगर परिषद का दीपावली मेला शहरवासियों की पहली पसंद बनता जा रहा है। यह मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि डूंगरपुर की सांस्कृतिक पहचान और आपसी मेल-मिलाप का महत्वपूर्ण अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से स्वच्छता और शहरी विकास के साथ शहरवासियों के मनोरंजन को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आमजन से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही डूंगरपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाया जा सकता है।

गेप सागर की पाल पर 6 से 10 नवंबर तक होगा लेजर और ग्राफिक शो

दीपावली मेले के तहत शहरवासियों और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में 6 नवंबर से 10 नवंबर तक ऐतिहासिक गेप सागर झील की पाल पर लेजर एवं ग्राफिक शो आयोजित किया जाएगा। सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि झील की खूबसूरत पृष्ठभूमि के बीच आधुनिक तकनीक से सजा यह शो दीपावली उत्सव को और भव्य बनाएगा।

उन्होंने बताया कि मेले में आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी। गुरुवार, 5 नवंबर को डांस एवं कॉमेडी नाइट में आरबीएम ग्रुप प्रस्तुति देगा, जबकि शुक्रवार, 6 नवंबर को स्थानीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री पंकज जैन, नगर अध्यक्ष नयन सुथार, नगर परिषद के पार्षद, शहर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। नगर परिषद की ओर से दीपावली तक लक्ष्मण मैदान में विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News