राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले डूंगरपुर में स्वच्छता को लेकर एक्शन मोड, के.के. गुप्ता ने 5 प्रभारी किए नियुक्त
Saturday, Mar 07, 2026-06:25 PM (IST)
डूंगरपुर। आगामी राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए डूंगरपुर नगर को और अधिक स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) राजस्थान सरकार के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं नगर परिषद डूंगरपुर के पूर्व सभापति के.के. गुप्ता ने एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है।
गुप्ता ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 5 अलग-अलग क्षेत्रों के प्रभारी नियुक्त किए हैं। ये प्रभारी शहर में स्वच्छता को प्रभावित करने वाले प्रमुख मुद्दों पर निगरानी रखेंगे, जानकारी और शिकायतें एकत्रित करेंगे तथा उनकी रिपोर्ट सीधे ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता को देंगे।
नागरिकों से सहयोग की अपील
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने डूंगरपुर शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि डूंगरपुर नगर का नाम देश-दुनिया में स्वच्छता के लिए जाना जाता है। जल्द ही भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा, जिसके तहत डूंगरपुर का भी निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने में नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। लोगों को चाहिए कि कहीं भी गंदगी न फैलाएं, गंदगी करने वालों को रोकें और यदि कहीं गंदगी दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें।
बगीचों की सफाई व्यवस्था पर सख्ती
गुप्ता ने बताया कि सुबह निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तय समय के बावजूद कई बगीचों में सफाई नहीं हो रही है। पहले निर्णय लिया गया था कि सुबह 6 बजे से बगीचों में सफाई शुरू होगी, लेकिन निरीक्षण के समय केवल प्रतापनगर बगीचे में ही सफाई व्यवस्था मिली।
अब निर्देश दिए गए हैं कि बगीचों में सुबह 6 से 10 बजे और शाम 6 से 10 बजे तक बागवान ड्यूटी पर रहेंगे। सफाई, लाइट व्यवस्था और पौधों को पानी देने की जिम्मेदारी भी बागवान की होगी। यदि कोई समस्या आती है तो इसकी सूचना नरेन्द्र सिंह को दी जाएगी, जबकि व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी राजेश डेंडू को दी गई है।
इन क्षेत्रों के लिए किए गए प्रभारी नियुक्त
शहर में अलग-अलग समस्याओं की सूचना और समाधान के लिए निम्नलिखित प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है—
1. गंदगी संबंधी शिकायतें
अमित टेलर – 9983794974
2. बगीचों से संबंधित समस्याएं
राजेश डेडू – 9413528466
3. रोड लाइट से संबंधित शिकायतें
गोपाल मराठा – 9928608805
4. खाली प्लॉटों में गंदगी की शिकायतें
पंकज जैन नवकार – 9460092999
5. सड़कों पर घूमने वाली गायों से संबंधित सूचना
प्रवीण श्रीमाल – 9929447572
के.के. गुप्ता ने कहा कि शहरवासी किसी भी समस्या की जानकारी सीधे संबंधित प्रभारी को दे सकते हैं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और डूंगरपुर को स्वच्छता में देश में नंबर-1 बनाए रखने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
