बिछीवाड़ा थाने के बाहर विधायक गणेश घोगरा का धरना जारी, पुलिस पर मारपीट के आरोप; पीड़ित अस्पताल में भर्ती

Tuesday, Mar 24, 2026-06:31 PM (IST)

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में पुलिस और जनप्रतिनिधि के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। गणेश घोगरा बिछीवाड़ा थाने के बाहर कथित पुलिस मारपीट के विरोध में लगातार दूसरे दिन भी धरने पर डटे हुए हैं।

एसपी को मौके पर बुलाने और कार्रवाई की मांग

विधायक घोगरा सोमवार दोपहर से ही समर्थकों के साथ थाने के बाहर बैठे हैं। उनका कहना है कि जब तक जिले के पुलिस अधीक्षक मौके पर आकर बातचीत नहीं करते और आरोपित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।

प्रदर्शन के बीच पीड़ित और पिता की तबीयत बिगड़ी

धरना स्थल पर मौजूद कथित पीड़ित युवक महेंद्र और उसके पिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस पर आदिवासी युवक से मारपीट का आरोप

मामले की शुरुआत एक स्थानीय आदिवासी युवक के साथ कथित मारपीट के आरोप से हुई। इसी घटना के विरोध में विधायक अपने समर्थकों और परिजनों के साथ थाने पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने रात भी थाने के बाहर ही गुजारी।

पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

धरने के दौरान विधायक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है और उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News