डूंगरपुर में 6 हजार घरों की छतों पर लगेंगे मुफ्त सोलर पैनल, सरकार उठाएगी पूरा खर्च

Wednesday, Nov 18, 2026-05:24 PM (IST)

डूंगरपुर। जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब सरकार की ओर से पात्र परिवारों के घरों की छतों पर मुफ्त रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे। पहले चरण में डूंगरपुर जिले के 6 हजार उपभोक्ताओं को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। योजना का लाभ उन उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनकी मासिक बिजली खपत 100 यूनिट या इससे कम है। खास बात यह है कि सोलर सिस्टम लगाने का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। इसके लिए राज्य सरकार ने यूनिफाइड लेड एग्रीगेशन योजना शुरू की है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वर्क ऑर्डर जारी होते ही सोलर सिस्टम लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

पुरानी योजना में कम मिला उपभोक्ताओं का रुझान

एवीवीएनएल के एसई वीके दोसी ने बताया कि केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर 30 हजार रुपए, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपए और 3 किलोवाट पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जाती है। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से 17 हजार रुपए की अतिरिक्त सब्सिडी का भी प्रावधान था।

इसके बावजूद सोलर सिस्टम लगाने पर कुल खर्च करीब 60 से 70 हजार रुपए तक आने के कारण आम उपभोक्ताओं ने योजना में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। ऐसे में सरकार ने यूनिफाइड लेड एग्रीगेशन योजना शुरू की है। इसके तहत बिजली निगम स्वयं पात्र उपभोक्ताओं की छतों पर सोलर सिस्टम लगाएगा और इसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी।

पहले चरण में डूंगरपुर शहर के भी 60 से अधिक परिवारों के घरों पर इस योजना के तहत निशुल्क सोलर सिस्टम लगाए जाने की तैयारी है। विभाग की ओर से इसके लिए सर्वे भी पूरा कर लिया गया है।

जिले में 2.5 लाख उपभोक्ताओं को मिल रही 100 यूनिट तक बिजली छूट

जिले में फिलहाल करीब 2.5 लाख ऐसे बिजली उपभोक्ता हैं, जिन्हें प्रतिमाह 100 यूनिट बिजली खपत तक छूट का लाभ मिल रहा है। इनमें से 2 लाख 19 हजार उपभोक्ता हर महीने 150 यूनिट से कम बिजली इस्तेमाल करते हैं, जबकि 31 हजार उपभोक्ताओं की बिजली खपत 150 यूनिट से अधिक है।

हालांकि मुफ्त रूफटॉप सोलर योजना का लाभ उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनकी मासिक बिजली खपत 100 यूनिट या इससे कम है। इससे पात्र परिवारों को बिना किसी शुरुआती निवेश के सौर ऊर्जा का लाभ मिल सकेगा।

पहले चरण में 6 हजार घरों की छतों पर लगेंगे सोलर सिस्टम

योजना के पहले चरण में डूंगरपुर जिले को 6 हजार रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य मिला है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब वर्क ऑर्डर जारी होने का इंतजार है। इसके बाद पात्र उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस पहल से जिले के हजारों परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने और बिजली खर्च में राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर परिषद भी कर रही पीएम सूर्यघर योजना का प्रचार-प्रसार

इधर, डूंगरपुर शहर में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए नगर परिषद की ओर से भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सभापति सुशीला गुप्ता के निर्देशन में नगर परिषद की टीम घर-घर पहुंचकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दे रही है।

नगर परिषद के अनुसार, पीएम सूर्यघर योजना के तहत अब तक 205 लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। वहीं, जल्द ही 40 से अधिक घरों पर सोलर सिस्टम लगाए जाने की तैयारी है।

सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री की पीएम सूर्यघर योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस योजना के तहत घरों पर सोलर सिस्टम लगवाकर आमजन बिजली खर्च में राहत पा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य लोगों को भी योजना से जोड़कर अधिक से अधिक परिवारों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए