चित्तौड़गढ़ जिले के डॉ. अनुज अग्निहोत्री बने यूपीएससी 2025 के ऑल इंडिया टॉपर

Friday, Mar 06, 2026-06:54 PM (IST)

उदयपुर/चित्तौड़गढ़ | संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा जारी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी डॉ.अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अनुज इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं और दिल्ली एवं केंद्र शासित प्रदेश सिविल सेवा में एसडीएम पद पर नियुक्त हो चुके हैं।

डॉ. अनुज ने अपनी सफलता को निरंतर मेहनत और धैर्य का परिणाम बताते हुए कहा कि यह एक लंबी प्रक्रिया है जिसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस बार सफलता नहीं मिलती तो वे अगले प्रयास की तैयारी में लगे रहते, लेकिन अब लक्ष्य हासिल होने के बाद सब कुछ आसान लगता है।

पहले प्रयास में मिली थी एसडीएम की जिम्मेदारी
डॉ. अनुज ने 2023 में अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर दिल्ली एवं केंद्र शासित प्रदेश सिविल सेवा में चयन प्राप्त किया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली में एसडीएम के पद पर नियुक्ति मिली और उन्होंने दिसंबर 2024 में पदभार संभाला। दूसरे प्रयास में वे लिखित परीक्षा पास कर गए थे, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया। तीसरे प्रयास में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया टॉप कर लिया।

इंटरव्यू में पूछे गए राजस्थान और मेडिकल से जुड़े सवाल
मेडिकल पृष्ठभूमि होने के कारण इंटरव्यू में उनसे मेडिकल साइंस से संबंधित कई सवाल पूछे गए। इसके अलावा राजस्थान के इतिहास से जुड़े प्रश्न भी किए गए। अनुज ने बताया कि उनसे पूछा गया कि मीरा बाई के गुरु कौन थे और राजस्थान के इतिहास को किसने प्रसिद्ध किया। उन्होंने इन सवालों के जवाब देते हुए इतिहासकार जेम्स टॉड का उल्लेख किया। अनुज ने यह भी कहा कि वे इंटरव्यू के लिए अलग-अलग विषयों पर बातचीत और सामान्य ज्ञान को मजबूत करने की लगातार कोशिश करते थे।

परिवार ने बताया गर्व का क्षण
अनुज के पिता के.बी. अग्निहोत्री, जो रावतभाटा परमाणु बिजलीघर की इकाइयों में कार्यरत हैं, ने बेटे की सफलता को परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं उनकी मां मंजू अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने बेटे के खानपान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखा, जबकि पूरी मेहनत अनुज ने की।

एम्स जोधपुर से की एमबीबीएस
डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने एम्स जोधपुर से वर्ष 2023 में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। इससे पहले उन्होंने 2017 में एम्स की ऑल इंडिया मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 215वीं रैंक हासिल की थी। स्कूल शिक्षा उन्होंने रावतभाटा स्थित परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से प्राप्त की, जहां 12वीं कक्षा में उन्होंने 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। पढ़ाई के साथ-साथ अनुज को टेबल टेनिस खेलना भी पसंद है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि मान रहे हैं।

 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News