शिक्षक हितों के मुद्दों पर राजस्थान शिक्षक संघ अंबेडकर की जिला स्तरीय बैठक
Sunday, Aug 16, 2026-05:24 PM (IST)
सूरतगढ़। राजस्थान शिक्षक संघ अंबेडकर उपशाखा सूरतगढ़ की जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष देव कुमार शीला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सूरतगढ़ उपशाखा की ओर से प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण बारूपाल, जिलाध्यक्ष देव कुमार शीला, रामचंद्र मेहरड़ा, जिला संरक्षक गणपत राज ब्यावत प्रदेश मंत्री का माला एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठनात्मक गतिविधियों तथा शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया और महत्वपूर्ण निर्णय लिए। जिला अध्यक्ष श्री देव कुमार शीला ने बताया कि आगामी दो दिवसीय जिला स्तरीय सम्मेलन 18 सितंबर 2026 को सूरतगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण बारूपाल ने बताया कि 24 अगस्त 2026 को विधानसभा सत्र के दौरान जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर संगठन की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से शिक्षक एवं विद्यार्थी हितों से जुड़ी विभिन्न मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी। प्रमुख मांगों में तृतीय श्रेणी अध्यापकों की लंबित डीपीसी करवाने, तृतीय श्रेणी अध्यापकों के स्थानांतरण करने, शोषित एवं वंचित वर्गों के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति बढ़ाने, शिक्षकों की पे-प्रोटेक्शन से संबंधित मांगों का समाधान करने तथा लगभग सवा लाख शिक्षकों की भर्ती करने की मांग शामिल है।
इसके साथ ही शिक्षकों के राजनीतिक द्वेषतापूर्ण तरीके से दूरस्थ क्षेत्रों में किए गए स्थानांतरण का विरोध, एमडीएम के लिए खाद्यान्न एवं राशि समय पर उपलब्ध करवाने तथा कुक-कम-हेल्पर का मानदेय बढ़ाने एवं समय पर भुगतान करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी। बैठक में अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोलंकी, केसरा राम कताला, रमेश कुमार ब्लॉक महामंत्री, संतोष हिंमतानिया उपाध्यक्ष, राजेश कुमार सवांसिया, सुरेंद्र मेहरड़ा, पेमाराम बाबरी, रणवीर बामनिया, रमेश जाटोलिया, जगदीश मंडाड़, लखन सिंह मीणा, पोखर राम सिंगाटिया, श्रद्धानंद पूनियां, रणजीत मीणा, देवीलाल, दिग्विजय रमन, ताराचंद पिण्डयार, रामकुमार पाटवाल, बाबूलाल रेगर, श्योपतराम कताला सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
