धौलपुर में बिना टैक्स चल रहे भारी वाहनों पर कार्रवाई, 12 वाहन सीज; 67 चालान काटे

Wednesday, Mar 18, 2026-04:43 PM (IST)

धौलपुर में परिवहन विभाग ने बिना टैक्स संचालित भारी वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए कड़ी कार्रवाई की है। सघन जांच अभियान के दौरान 12 भारी वाहनों को सीज किया गया, जबकि अन्य वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई।

यह अभियान जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव और परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत के नेतृत्व में राजाखेड़ा क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों के आसपास चलाया गया।

निर्माण कार्यों में लगे वाहनों की जांच

अभियान के तहत निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे के पास खड़े और संचालित वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रशमन राशि वसूलने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

अधिकारियों के अनुसार शासन स्तर के निर्देश पर जी आर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के यार्ड में विशेष कार्रवाई की गई, जहां कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, अन्य राज्यों के वाहन और टैक्स डिफॉल्टर गुड्स वाहनों को जब्त किया गया।

16 लाख रुपए तक की वसूली का अनुमान

कार्रवाई के दौरान एक क्रेन माउंटेड मशीन और एक जेसीबी सहित 12 बिना टैक्स चल रहे भारी वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा विभागीय टीम ने करीब 67 वाहनों के चालान काटे हैं। इन सभी से कर वसूली की प्रक्रिया जारी है और करीब 16 लाख रुपए तक की प्रशमन राशि मिलने का अनुमान है।

31 मार्च तक चलेगा विशेष अभियान

परिवहन विभाग 31 मार्च तक “ऑपरेशन कैच” अभियान चला रहा है, जिसके तहत बिना टैक्स चलने वाले किसी भी वाहन को सड़क पर संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने वाहनों का टैक्स जमा करें, ताकि जुर्माना, ब्याज और वाहन जब्ती जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News