धौलपुर में चलती ट्रेन के जनरल कोच में आग: सतर्कता से टला बड़ा हादसा, 38 मिनट बाद रवाना हुई गाड़ी

Wednesday, Apr 29, 2026-04:08 PM (IST)

धौलपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक नॉन-स्टॉप ट्रेन (12549) के जनरल कोच में अचानक आग लग गई। यह ट्रेन दुर्ग से लुधियाना जा रही थी।

सुबह करीब 5:52 बजे पॉइंट्स मैन की नजर कोच के ब्रेक पेडल से उठते धुएं और आग पर पड़ी। उसने तुरंत लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रोकने का संकेत दिया। सतर्कता के चलते ट्रेन को स्टेशन के आउटर पर ही रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ और इंजीनियर मौके पर पहुंच गए। कोच के जाम हुए ब्रेक को दुरुस्त किया गया और ट्रेन में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। करीब 38 मिनट की देरी के बाद सुबह 6:30 बजे ट्रेन को दोबारा रवाना कर दिया गया।

इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेन रुकते ही कई यात्री नीचे उतर गए। एक यात्री ने बताया कि पैरदान के पास आग दिखते ही यात्रियों को सतर्क किया गया, जिससे सभी सुरक्षित बाहर निकल सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार तेज गर्मी के कारण ब्रेक सिस्टम में घर्षण बढ़ने से आग लगी थी। समय रहते आग पर काबू पा लेने से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News