धौलपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आई 6 साल की मासूम, खेलते समय हादसा

Monday, Feb 16, 2026-07:00 PM (IST)

धौलपुर जिले के निहालगंज थाना क्षेत्र स्थित मोहन कॉलोनी में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय बच्ची की मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में शोक और गुस्से का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जोया (6), पिता फिरोज, अन्य बच्चों के साथ गली में खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन संकरी गली में तेज गति से चलाया जा रहा था। टक्कर लगने के बाद बच्ची ट्रॉली के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ और निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाके में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं होने से ऐसे हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। मृत बच्ची अपने परिवार की इकलौती संतान बताई जा रही है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News