सरमथुरा के जंगलों में भीषण आग, कई हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर खाक

Wednesday, Apr 22, 2026-06:12 PM (IST)

धौलपुर जिले के सरमथुरा इलाके के जंगलों में लगी भीषण आग ने बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई हेक्टेयर वन संपदा जलकर खाक हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका।

भेंडे का पुरा क्षेत्र के जंगलों में अज्ञात कारणों से आग भड़की, जो तेज हवाओं के चलते तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन हवा के कारण स्थिति पर नियंत्रण पाना चुनौतीपूर्ण रहा।

ग्रामीणों ने दोपहर के समय जंगल से धुआं उठता देख प्रशासन को सूचना दी थी। इसके बाद प्रशासनिक और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

इस घटना में वन क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने आसपास के गांवों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस आग से पेड़-पौधों के साथ वन्य जीवों को भी नुकसान पहुंचा है।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News