10 करोड़ की सड़क परियोजना को मंजूरी, धौलपुर में 27 मार्गों का होगा सीसी निर्माण
Thursday, Feb 19, 2026-04:29 PM (IST)
धौलपुर शहर की जर्जर सड़कों के दिन अब बदलने वाले हैं। लंबे इंतजार के बाद जयपुर से प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है और नगर परिषद ने 27 प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से इन मार्गों का सीसी निर्माण कराया जाएगा।
टेंडर पूरा, जल्द जारी होगा वर्क ऑर्डर
नगर परिषद के अनुसार सड़क नवीनीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कार्य का ठेका राम हरि कंस्ट्रक्शन को दिया गया है और एलओए जारी कर दिया गया है। औपचारिक वर्क ऑर्डर जारी होते ही निर्माण एजेंसी काम शुरू करेगी।
गड्ढों से राहत की उम्मीद
शहर की कई मुख्य सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में थीं। जगह-जगह गड्ढों और उखड़ी परतों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। गौरव पथ, जगन तिराहा, हरदेव नगर, जेल रोड, पुराना शहर, बजरिया, राजाखेड़ा रोड, कचहरी रोड और मचकुंड रोड सहित कई मार्गों की हालत बेहद खराब बताई जा रही थी।
परिषद का दावा है कि सीसी सड़क बनने के बाद इन इलाकों में आवागमन सुगम होगा और धूल की समस्या से भी राहत मिलेगी।
एक साल बाद मिली प्रशासनिक मंजूरी
इन सड़कों के नवीनीकरण का प्रस्ताव करीब एक वर्ष पहले तैयार कर स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर को भेजा गया था। फाइल लंबे समय तक लंबित रही। बाद में उच्च स्तर पर मामला उठने के बाद डीएलबी से मंजूरी मिली और परियोजना को हरी झंडी दी गई।
जलभराव से निपटने की भी तैयारी
सड़क निर्माण के साथ ही शहर में 6 पक्के ड्रेनेज नालों का निर्माण भी कराया जा रहा है। ग्रेविटी ड्रेनेज सिस्टम के आधार पर तैयार हो रहे इन नालों से बिना पंपिंग के पानी की निकासी संभव होगी। परिषद का अनुमान है कि इससे 40 से अधिक कॉलोनियों में जलभराव की समस्या में कमी आएगी।
प्रमुख मार्गों पर होगा कार्य
परियोजना के तहत वाटर वर्क्स चौराहा से हरदेव नगर पुलिया, गुलाब बाग से गांधी पार्क, तोप तिराहा से गडरपुरा मोड़, मचकुंड रोड, सागरपाड़ा, राजेंद्र नगर, महाराणा प्रताप नगर, आनंद नगर, ब्रह्मपुरी कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क नवीनीकरण कराया जाएगा।
नगर परिषद के एक्सईएन गुमान सिंह सैनी ने बताया कि 27 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है और कार्यादेश जारी होने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।
