धौलपुर में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों पर संकट, 25% तक नुकसान की आशंका

Friday, Mar 20, 2026-04:09 PM (IST)

धौलपुर जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार देर रात से शुरू हुई बारिश के साथ कई इलाकों में हल्की ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे रबी फसलों पर संकट गहरा गया है।

बारिश और ओलों से बढ़ी परेशानी

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद गुरुवार शाम से ही मौसम में बदलाव नजर आने लगा था। देर रात बूंदाबांदी के बाद रुक-रुक कर बारिश का दौर चला और कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे।
इसका सीधा असर खेतों में खड़ी और तैयार फसलों पर पड़ा है।

रबी फसलों को भारी नुकसान

इस समय सरसों, गेहूं, चना, मटर और आलू जैसी फसलें पकाव की स्थिति में हैं। किसान कटाई और खुदाई की तैयारी में जुटे थे, लेकिन बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया है।

किसानों के अनुसार प्रारंभिक आकलन में करीब 25 प्रतिशत तक फसल नुकसान की आशंका है।

पहले भी झेल चुके नुकसान

किसानों ने बताया कि इससे पहले सर्दियों में कोहरे और पाले के कारण भी फसल को नुकसान हुआ था। कई फसलें रोग की चपेट में आ गई थीं, जिससे सरसों और आलू के उत्पादन पर असर पड़ा।

खेती पर बढ़ता संकट

लगातार मौसम की मार झेल रहे किसानों का कहना है कि खेती अब घाटे का सौदा बनती जा रही है। खरीफ सीजन में भी भारी नुकसान हुआ था और अब रबी की फसल से उम्मीद थी, लेकिन अंतिम चरण में मौसम ने बड़ा झटका दे दिया।

किसानों ने सरकार से नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है |


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News