Dholpur News: एसपी विकास सांगवान ने 123 पुलिसकर्मियों का किया तबादला, कई चौकी प्रभारियों को मिली नई जिम्मेदारी
Saturday, Jul 11, 2026-06:11 PM (IST)
धौलपुर पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने 45 सहायक उपनिरीक्षकों (एएसआई) और 78 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल सहित कुल 123 पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के तहत जिले की कई पुलिस चौकियों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार योगेश तिवारी को जाटोली चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं, पूर्व में स्थानांतरित किए गए मुकेश शर्मा ने रेल चौकी का कार्यभार संभाल लिया है। वीरेंद्र शर्मा को बाड़ी से कोतवाली, मोहनलाल मीणा को अस्पताल चौकी, राकेश को राजाखेड़ा टाउन चौकी, मनोज को सागरपाड़ा चौकी, प्रेम सिंह को लेबुड़ा पूरा चौकी तथा सत्य प्रकाश को ओंडेला चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग ने अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सागरपाड़ा चौकी की व्यवस्था को भी मजबूत किया है। इसी क्रम में अतिरिक्त हेड कांस्टेबल सुभाष भास्कर की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार यह पहला अवसर है जब इस चौकी पर दो हेड कांस्टेबल एक साथ नियुक्त किए गए हैं। माना जा रहा है कि इससे खनन प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
तबादला सूची में पदोन्नति के बाद महिला एएसआई रेखा को कोतवाली थाने में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस सूची में किसी अन्य महिला पुलिसकर्मी का स्थानांतरण नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस विभाग में तबादलों की प्रक्रिया अभी जारी रह सकती है। जल्द ही थाना प्रभारियों (एसएचओ) की नई तबादला सूची जारी होने की भी संभावना जताई जा रही है, जिस पर जिलेभर की नजर बनी हुई है।
