धौलपुर नगर परिषद सभापति पद अनारक्षित ओपन, 6 नगर पालिकाओं में 2 सीटें OBC महिला और 4 अनारक्षित

Thursday, Aug 13, 2026-06:08 PM (IST)

धौलपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच गुरुवार को जयपुर में आरक्षण लॉटरी के जरिए धौलपुर जिले के नगर निकायों में सभापति और अध्यक्ष पदों की स्थिति स्पष्ट हो गई। धौलपुर नगर परिषद के सभापति पद को अनारक्षित ओपन रखा गया है। वहीं जिले की छह नगर पालिकाओं में दो पद OBC महिला और चार पद अनारक्षित ओपन श्रेणी में आए हैं।

जिले में धौलपुर नगर परिषद के अलावा बसेड़ी, मनियां, सैंपऊ, सरमथुरा, बाड़ी और राजाखेड़ा नगर पालिकाएं शामिल हैं। अध्यक्ष पद के आरक्षण की स्थिति सामने आने के बाद राजनीतिक दलों में संभावित दावेदारों को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

धौलपुर में 60 वार्ड, 92 हजार से ज्यादा मतदाता

धौलपुर नगर परिषद में इस बार कुल 60 वार्ड हैं। इनमें 92,261 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 43,965 पुरुष और 48,293 महिला मतदाता शामिल हैं।

नगर परिषद क्षेत्र में चुनाव के लिए 97 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले की सभी सात नगर निकायों को मिलाकर कुल मतदाताओं की संख्या 2,10,196 है और मतदान के लिए 273 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

आरक्षण से बदलेंगे चुनावी समीकरण

सभापति और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद अब राजनीतिक दलों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन शुरू होने की उम्मीद है। आरक्षित श्रेणी के आधार पर भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य दलों को अपने संभावित दावेदारों के नाम तय करने होंगे।

वार्ड स्तर पर सामाजिक समीकरण, स्थानीय पकड़ और पार्टी संगठन की रणनीति भी अध्यक्ष या सभापति पद के आरक्षण के अनुसार प्रभावित होगी।

धौलपुर नगर परिषद के पिछले बोर्ड की बात करें तो पिछली बार यहां निर्दलीय बोर्ड बना था, जबकि उससे पहले कांग्रेस के कमल कंसाना सभापति रह चुके हैं।

17 अगस्त को वार्डों का आरक्षण

सभापति और अध्यक्ष पदों के आरक्षण के बाद अब वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त को जिलों में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी।

वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया जिला कलेक्टर स्तर पर होगी। इसमें SC, ST, OBC और महिला आरक्षण के प्रावधानों के आधार पर अलग-अलग वार्ड निर्धारित किए जाएंगे।

किस आरक्षण का क्या मतलब?

अनारक्षित ओपन: इस श्रेणी की सीट पर किसी भी वर्ग का महिला या पुरुष उम्मीदवार चुनाव लड़ सकता है।

अनारक्षित महिला: किसी भी वर्ग की महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ सकती है।

OBC ओपन: OBC वर्ग का महिला या पुरुष उम्मीदवार प्रत्याशी बन सकता है।

OBC महिला: केवल OBC वर्ग की महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ सकती है।

SC ओपन: SC वर्ग का महिला या पुरुष उम्मीदवार चुनाव लड़ सकता है।

SC महिला: SC वर्ग की महिला उम्मीदवार ही चुनाव लड़ सकती है।

ST ओपन: ST वर्ग का महिला या पुरुष उम्मीदवार प्रत्याशी बन सकता है।

ST महिला: ST वर्ग की महिला उम्मीदवार ही चुनाव लड़ सकती है।

आरक्षण की तस्वीर स्पष्ट होने के बाद अब राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की नजर 17 अगस्त को होने वाली वार्ड आरक्षण लॉटरी पर रहेगी।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए