धौलपुर में मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी, पारा 38°C पहुंचा; दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा

Wednesday, Mar 11, 2026-06:16 PM (IST)

राजस्थान के धौलपुर जिले में मार्च महीने में ही भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। इस बार मार्च में पड़ रही गर्मी ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जिले में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे मौसम अप्रैल जैसा महसूस होने लगा है।

तेज गर्मी के कारण लोगों ने अभी से एयर कंडीशनर और कूलर का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा

स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्च में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में अप्रैल, मई और जून के महीनों में और ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

मार्च के दूसरे सप्ताह में तापमान में अचानक वृद्धि के कारण दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों, बाजारों और गलियों में सन्नाटा नजर आने लगा है। गर्मी इतनी तेज महसूस हो रही है कि मानो दिन के समय गर्मी का कर्फ्यू लग गया हो।

आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही हीटवेव चलने की भी आशंका जताई गई है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में हल्का बदलाव भी संभव है, लेकिन फिलहाल दोपहर के समय गर्मी का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है।

ठंडे पेय और कूलर की बढ़ी मांग

भीषण गर्मी के चलते बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। कोल्ड ड्रिंक, मौसमी, अनार और गन्ने के जूस की बिक्री में तेजी देखी जा रही है। वहीं होली के बाद से इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर कूलर और पंखों की मांग भी बढ़ गई है, जिससे बिजली की खपत पर भी असर पड़ने लगा है।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News