6 साल तक फरार 12 करोड़ का ठग गिरफ्तार: ‘मेडिकल प्रोफेशनल’ बनकर छिपा था, ऐसे पकड़ा गया
Friday, Apr 10, 2026-06:04 PM (IST)
राजस्थान के धौलपुर पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल ठगी मामले का बड़ा खुलासा करते हुए 6 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब 200 लोगों से 12.69 करोड़ रुपए की ठगी करने वाला अमित गौतम आखिरकार लाजपत नगर से पकड़ा गया।
डॉक्टर-इंजीनियर बने निशाना
एसपी विकास सांगवान के अनुसार आरोपी 2020 से फरार था और उस पर 43 हजार रुपए का इनाम घोषित था। जयपुर, उदयपुर और धौलपुर में उसके खिलाफ 20 से अधिक मामले दर्ज थे।
अमित गौतम अपने साथी के साथ मिलकर निवेश के नाम पर लोगों को झांसे में लेता था। वह खासतौर पर डॉक्टरों, इंजीनियरों और बड़े कारोबारियों को टारगेट करता और पैसे दोगुने करने का लालच देता।
लग्जरी लाइफस्टाइल से बनाता था भरोसा
आरोपी खुद को भरोसेमंद दिखाने के लिए महंगी कारों में घूमता, ब्रांडेड घड़ियां पहनता और हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल दिखाता था। उसने कई फर्जी कंपनियां भी बना रखी थीं, ताकि निवेश स्कीम असली लगे।
शुरुआत में छोटे निवेश पर अच्छा रिटर्न देकर लोगों का विश्वास जीतता, फिर बड़ी रकम निवेश करवाता। कई मामलों में वह खुद बैंक जाकर लोगों को लोन दिलवाता और वही पैसा अपनी स्कीम में लगवा देता था।
दिल्ली में बदली पहचान, बना ‘मेडिकल प्रोफेशनल’
फरार होने के बाद आरोपी ने अपनी पहचान पूरी तरह बदल ली। वह दिल्ली में मेडिकल स्टोर और लैब में काम करने लगा। हमेशा सफेद कोट और मास्क पहनकर रहता ताकि कोई उसे पहचान न सके।
फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तारी
आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए आसान नहीं था। धौलपुर पुलिस की साइबर टीम ने करीब 6 महीने तक लगातार दिल्ली, जयपुर और उदयपुर में डेरा डाले रखा।
पुलिसकर्मी ग्राहक और मरीज बनकर मेडिकल स्टोर्स व लैब्स में जाते रहे। यहां तक कि उन्होंने सुराग जुटाने के लिए खुद के ब्लड सैंपल तक दिए। आखिरकार पुख्ता जानकारी मिलने पर लाजपत नगर में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
ED की भी नजर
इस बड़े फर्जीवाड़े के सामने आने के बाद अब मामले पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी नजर है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
