धौलपुर में सड़कों की सूरत बदलेगी, 7 करोड़ से बनेंगी नई सीसी रोड

Monday, Mar 02, 2026-05:58 PM (IST)

धौलपुर शहर में खराब और गड्ढों से भरी सड़कों से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। नगर परिषद ने करीब 7.23 करोड़ रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्य का वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक निर्माण कार्य 5 मार्च 2026 से शुरू होगा।

प्रमुख मार्गों को मिलेगी प्राथमिकता

परिषद की योजना के अनुसार हरदेव नगर से जनाना अस्पताल मार्ग, जगन चौराहा और गौरव पथ सहित शहर के व्यस्त और मुख्य रास्तों पर पहले चरण में सीसी सड़कें बनाई जाएंगी। कोशिश है कि इन प्रमुख मार्गों का काम बारिश से पहले पूरा कर लिया जाए, ताकि बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।

ऊंचाई समतल करने के निर्देश

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन जगहों पर सड़कें जरूरत से ज्यादा ऊंची हो चुकी हैं, वहां पहले खुदाई कर उन्हें समतल किया जाए। पुरानी सीसी सड़कों को हटाकर नई सड़क बनाने को लेकर फिलहाल स्पष्ट दिशा-निर्देश सामने नहीं आए हैं।

रेलवे स्टेशन रोड पर भी काम जारी

शहर में रेलवे स्टेशन से जेल रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है। यह कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से कराया जा रहा है।

एक साल में पूरा करना होगा काम

वर्क ऑर्डर के अनुसार निर्माण कार्य 5 मार्च 2026 से शुरू होकर 4 मार्च 2027 तक पूरा करना अनिवार्य रहेगा। साथ ही ठेका कंपनी को पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। इस अवधि में किसी प्रकार की खराबी मिलने पर मरम्मत ठेकेदार को ही करनी होगी।

टेंडर प्रक्रिया में हुई थी देरी

यह परियोजना पहले शुरू होनी थी, लेकिन टेंडर प्रक्रिया स्थानीय निकाय विभाग (डीएलबी) जयपुर में लंबित रहने के कारण विलंब हुआ। टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 23 फरवरी 2026 को अंतिम स्वीकृति मिली, जिसके बाद वर्क ऑर्डर जारी किया गया।

अब शहरवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से चली आ रही खराब सड़कों की समस्या जल्द खत्म होगी और धौलपुर की सड़कें नई पहचान के साथ नजर आएंगी।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News