धौलपुर के सैपऊ में भूसे के कूपों में भीषण आग, हजारों रुपए का पशु चारा जलकर राख
Tuesday, May 26, 2026-04:20 PM (IST)
राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ कस्बे में सोमवार देर रात भूसे के दो कूपों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की इस घटना में किसान का हजारों रुपए का पशु चारा जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सैपऊ कस्बे में पार्वती मुख्य नहर के पास रखे भूसे के कूपों में लगी। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और दोनों कूप इसकी चपेट में आ गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण हालात काबू में नहीं आ सके। इसके बाद जिला मुख्यालय से अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर करीब दो घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस हादसे में किसान रामनरेश जाटव का बड़ी मात्रा में भूसा और पशुओं के लिए रखा चारा जलकर नष्ट हो गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के क्षेत्रों में भी नुकसान हो सकता था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
