आरपीएससीः वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2024 का विस्तृत कार्यक्रम जारी
Friday, Jul 18, 2025-03:51 PM (IST)

अजमेर, 18 जुलाई 2025। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा, 2024 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) का विषयवार विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 7 सितंबर से शुरू होकर 12 सितंबर 2025 तक चलेंगी ।
आयोग सचिव ने बताया कि परीक्षा के सुगम संचालन के दृष्टिगत 8 विषयों को 4 ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप-ए में सामाजिक विज्ञान, ग्रुप-बी मे हिंदी, गुप-सी में विज्ञान, संस्कृत एवं उर्दू तथा ग्रुप-डी के अन्तर्गत गणित, अंग्रेजी एवं पंजाबी विषयों की परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम निम्नानुसार हैः-
ग्रुप-ए: 7 सितंबर 2025 को प्रातः 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान तथा दोपहर 3 से 5.30 बजे तक सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
ग्रुप- बी: 8 सितंबर 2025 को प्रातः 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान तथा दोपहर 3 से 5.30 बजे तक हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
ग्रुप- सी: 9 सितंबर 2025 को प्रातः 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान तथा दोपहर 3 से 5.30 बजे तक विज्ञान विषय की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 10 सितंबर 2025 को प्रातः 10 से 12.30 बजे तक संस्कृत एवं 3 से 5.30 बजे तक उर्दू विषय की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
ग्रुप‘डी:- 11 सितंबर 2025 को प्रातः 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान तथा दोपहर 3 से 5.30 बजे तक गणित विषय की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 12 सितंबर 2025 को प्रातः 10 से 12.30 बजे तक अंग्रेजी एवं 3 से 5.30 बजे तक पंजाबी विषय की परीक्षा आयेाजित की जाएगी।
8 विषयों के कुल 2129 पद
आयोग द्वारा 11 दिसंबर 2024 को माध्यमिक शिक्षा विभाग में 8 विषयों हेतु वरिष्ठ अध्यापक के कुल 2129 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। विषयवार पद विवरण निम्नानुसार हैंः-
हिंदी - 288 पद
अंगेजी - 327 पद
गणित - 694 पद
विज्ञान - 350 पद
सामाजिक विज्ञान - 88 पद
संस्कृत - 309 पद
पंजाबी - 64 पद
उर्दू - 9 पद