डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने "जयपुर बाल महोत्सव" की टीम से मुलाकात कर जानकारी ली
Saturday, Apr 04, 2026-06:56 PM (IST)
जयपुर। राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने जयपुर में सिविल लाइन्स स्थित अपने निवास पर "जयपुर बाल महोत्सव" का पोस्टर जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान के बच्चों के लिए सरकार हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “यह पहल प्रदेश में पहली बार हो रही है। बच्चे ज्यादा से ज्यादा भाग लें, मेरा आशीर्वाद उनके साथ है।”
राजस्थान के सभी जिलों की झलक देखने को मिलेगी
डिजिटल बाल मेला के तहत शुरू किए गए इस अभियान में राजस्थान के सभी जिलों की झलक देखने को मिलेगी। 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे अपने-अपने जिले की विशेषताओं को वीडियो के माध्यम से प्रस्तुत कर रहे हैं। इससे पूर्व, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी पोस्टर विमोचन कर बच्चों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील कर चुके हैं।
आयोजन 4 से 6 मई तक
इस कार्यक्रम का आयोजन 4 से 6 मई तक सांगानेर स्थित पिंजरा पोल गोशाला में आयोजित किया जाएगा। प्रदेशभर से बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेना शुरू कर दिया है और अपने जिले की खासियतों को दर्शाते हुए वीडियो साझा कर रहे हैं।
बच्चों ने उजागर की अपने क्षेत्रों की विशेषताएं
कुचामन के लक्ष्य कुमावत ने अपने क्षेत्र के किले और गणेश मंदिर के साथ वहां की महिला पुजारी की परंपरा को प्रस्तुत किया। वहीं, टोंक जिले की फलक खान ने हाथी भाटा, सुनहरी कोठी और बीसलपुर डैम की जानकारी दी। भरतपुर की दिव्यांशी शर्मा ने गंगा मंदिर की विशेषताओं को उजागर किया।
प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर
फ्यूचर सोसाइटी के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपने भविष्य के लिए सही दिशा तय कर सकेंगे।
16 जिलों की भागीदारी सुनिश्चित
डिजिटल बाल मेला की संस्थापक जाह्नवी शर्मा ने बताया कि "जयपुर बाल महोत्सव" में 16 जिलों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है और सभी जिलों से अनेक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। साथ हही मल्टीनेशनल कंपनी कॉग्निवेरा स्कालरशिप प्रदान करेगी।
अभियान में भाग लेने की प्रक्रिया
इस अभियान में भाग लेने के लिए बच्चों को अपने जिले की विशेषताओं पर आधारित एक वीडियो तैयार कर डिजिटल बाल मेला की आधिकारिक वेबसाइट या व्हाट्सऐप नंबर 8005915026 पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इस अभियान का उद्देश्य कला, साहित्य, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देना है।
