दौसा-करौली के किसानों को बड़ी सौगात, अब दिन में मिलेगी बिजली: CM भजनलाल शर्मा
Thursday, Apr 02, 2026-02:02 PM (IST)
करौली: राजस्थान के किसानों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौसा और करौली जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति शुरू करने की घोषणा की है। इस फैसले से हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी खेती से जुड़ी कई समस्याएं अब कम हो जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि अब इन दोनों जिलों के कृषि उपभोक्ताओं को दिन के दो अलग-अलग समय ब्लॉक में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य सरकार पहले ही 22 जिलों में यह सुविधा लागू कर चुकी है और अब इस योजना का विस्तार करते हुए दौसा और करौली को भी इसमें शामिल किया गया है। यह योजना वर्ष 2024-25 के परिवर्तित बजट के तहत चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2027 तक पूरे प्रदेश में इसे लागू करना है।
दौसा और करौली में इस योजना को लागू करने से पहले बिजली ढांचे को मजबूत किया गया है। दौसा जिले में 33 केवी के 18 नए ग्रिड सब स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जबकि करौली में 6 नए सब स्टेशन बनाए गए हैं। इसके अलावा दौसा में 128.95 एमवीए और करौली में 49.45 एमवीए की क्षमता वृद्धि की गई है। साथ ही 32 मेगावाट क्षमता के 17 सौर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित किए गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय बनी है।
इस योजना से कुल 87,801 किसानों को लाभ मिलेगा, जिनमें दौसा के 52,460 और करौली के 35,341 किसान शामिल हैं। दिन में बिजली मिलने से किसानों को अब रात में खेतों में काम करने की मजबूरी नहीं रहेगी, जिससे उनकी सुरक्षा में भी सुधार होगा। इसके साथ ही जंगली जानवरों के खतरे से राहत मिलेगी और किसान अपने परिवार के साथ अधिक समय बिता सकेंगे।
यह पहल किसानों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का लक्ष्य वर्ष 2027 तक पूरे राजस्थान में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराना है, जिससे राज्य के सभी कृषि उपभोक्ताओं को इस सुविधा का लाभ मिल सके।
