दौसा में ठंड का असर कम, दिन में तेज धूप; 17 फरवरी से मौसम बदलने के संकेत
Monday, Feb 16, 2026-06:57 PM (IST)
दौसा जिले में बीते दो महीनों की कड़ाके की सर्दी के बाद अब मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। दिन के समय तेज धूप निकलने से ठंड का प्रभाव लगभग खत्म हो गया है, हालांकि शाम ढलते ही ठिठुरन अभी भी महसूस की जा रही है। सुबह और रात के समय हल्की सर्दी बरकरार रहने से लोग अब भी ऊनी कपड़ों का सहारा लेते दिख रहे हैं।
तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वर्तमान में दिन का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। तेज धूप के चलते दिन और रात के तापमान में लगभग 5 डिग्री का अंतर देखा जा रहा है।
17 फरवरी से बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और तेज धूप बने रहने की संभावना है। हालांकि 17 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिसका असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ जिलों में मौसम में बदलाव संभव है। इन क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने, तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
