QR कोड से 1.72 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा: बिना खरीदारी उठाते थे रिवॉर्ड, 2 आरोपी गिरफ्तार

Wednesday, Apr 29, 2026-04:01 PM (IST)

दौसा साइबर थाना पुलिस ने करीब 1.72 करोड़ रुपए की बड़ी साइबर ठगी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग कंपनी के रिवॉर्ड सिस्टम में तकनीकी खामी का फायदा उठाकर बिना कोई प्रोडक्ट खरीदे ही इनाम हासिल कर लेते थे।

इस मामले में 11 अगस्त 2025 को एक निजी कंपनी के अधिकारी की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें रिवॉर्ड ऐप के जरिए करोड़ों की धोखाधड़ी की बात सामने आई थी।

जांच के दौरान पता चला कि कंपनी के रिवॉर्ड प्रोग्राम में इस्तेमाल होने वाले क्यूआर कोड सिस्टम को आरोपियों ने निशाना बनाया। उन्होंने “ट्रायल एंड एरर” तरीके से 12 से 15 अंकों के क्यूआर कोड का अनुमान लगाकर फर्जी कोड तैयार किए और उन्हें ऐप में इस्तेमाल कर रिवॉर्ड हासिल कर लिए।

पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। एसपी के निर्देशन में टीम ने डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए एनपीसीआई और विभिन्न बैंकों से यूपीआई ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई। डेटा एनालिसिस के आधार पर संदिग्ध खातों को ट्रैक करते हुए आरोपियों तक पहुंचा गया।

इस कार्रवाई में लालसोट क्षेत्र के विष्णु सैनी (30) और अनिल कुमार सैनी (24) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में उपयोग किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

फिलहाल दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News