दौसा में पोस्ट ऑफिस को फिर मिली बम की धमकी, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन; कुछ संदिग्ध नहीं मिला

Friday, Mar 27, 2026-06:47 PM (IST)

राजस्थान के दौसा जिले में एक बार फिर पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए।

ईमेल से मिली धमकी, तुरंत खाली कराया गया ऑफिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जयपुर डिवीजन कार्यालय को ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। इसके बाद दौसा पोस्ट ऑफिस को अलर्ट किया गया और पोस्ट मास्टर को तुरंत पुलिस को सूचना देने के साथ ही परिसर खाली कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने की गहन जांच

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे पोस्ट ऑफिस परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर कोने की जांच की गई।

हालांकि, जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत महसूस की।

15 दिन में दूसरी बार मिली धमकी

गौर करने वाली बात यह है कि पिछले दो हफ्तों में यह दूसरी बार है जब पोस्ट ऑफिस को इस तरह की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी देने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News