दौसा पुलिस का बड़ा अभियान: 7 बदमाश गिरफ्तार, अवैध शराब और सट्टेबाजी पर कार्रवाई

Tuesday, May 19, 2026-04:17 PM (IST)

राजस्थान के दौसा जिले में पुलिस ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। फरार वारंटियों, अवैध शराब कारोबारियों और सट्टेबाजों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 6 अन्य गिरफ्तारी वारंटों का निस्तारण किया गया।

पुलिस टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर अवैध शराब के तीन मामले दर्ज किए। टीकरी जाफरान रोड पर कार्रवाई करते हुए विष्णु जाटव को 42 पव्वा अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं सांथा मोड़ से राजेश मीणा को 25 पव्वा शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा गहनौली चौराहे पर पुलिस ने रामबीर गुर्जर के कब्जे से 35 पव्वा अवैध शराब बरामद की, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया। सभी मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

इसी अभियान के तहत बोहरा स्कूल वाली गली में पुलिस ने सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धनसिंह कोली को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से सट्टा राशि बरामद की गई और उसके खिलाफ आरपीजीओ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने अभियान के दौरान शांतिभंग के आरोप में 3 लोगों को हिरासत में लिया। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। नाकाबंदी के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहनों को भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में खेमराज मीणा, देशराज मीणा, राजेश मीणा, रामकरण मीणा, उम्मेदीलाल मीणा, विश्राम मीणा और खुशीराम मीणा शामिल हैं।

यह अभियान जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश और दौसा एसपी सागर राणा के निर्देशन में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व महवा डिप्टी एसपी मनोहरलाल और थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने किया।

 


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए