दौसा में लग्जरी कार से 115 किलो अफीम जब्त, गुवाहाटी से जोधपुर पहुंचने से पहले तस्कर गिरफ्तार
Sunday, Jun 21, 2026-04:35 PM (IST)
राजस्थान के दौसा जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अफीम बरामद की है। अधिकारियों ने वाहन से 115.160 किलोग्राम अफीम जब्त की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि पूर्वोत्तर भारत से राजस्थान की ओर मादक पदार्थ की एक बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने संदिग्ध वाहन पर लगातार नजर रखी और लंबी दूरी तक उसकी गतिविधियों की निगरानी की।
करीब 2000 किलोमीटर तक ट्रैकिंग करने के बाद टीम ने आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिकंदरा टोल प्लाजा के निकट झारखंड नंबर की एक हुंडई क्रेटा कार को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में छिपाकर रखे गए तीन बोरों से 109 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 115.160 किलोग्राम अफीम भरी हुई थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करों ने मादक पदार्थ की गंध को छिपाने के लिए वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में इत्र और परफ्यूम का इस्तेमाल किया था, ताकि सुरक्षा एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके।
कार्रवाई के दौरान फलोदी निवासी मालाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार को उसे विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने दो दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी और विपिन कुमार के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने अंजाम दी। अभियान में निरीक्षक परिक्षित चौधरी, उप निरीक्षक मोहित यादव सहित कई अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
