दौसा में घना कोहरा, दृश्यता 100 मीटर से कम: तापमान गिरा, ठंड बढ़ी; फसलों को नुकसान की आशंका
Saturday, Mar 21, 2026-03:48 PM (IST)
दौसा जिले में शनिवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
हाल ही में हुई बेमौसम बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है, जिससे मार्च के महीने में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। दिन और रात दोनों समय ठंडक बढ़ने से लोगों को मौसम में बदलाव का असर साफ नजर आ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि बारिश और कोहरे का असर फसलों पर पड़ सकता है, जिससे नुकसान होने की आशंका है। विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है और आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह बना रह सकता है।
