दौसा में दो सड़क हादसों से सनसनी, महिला की मौत, तीन गंभीर घायल
Wednesday, Apr 15, 2026-02:29 PM (IST)
दौसा जिले में जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने हड़कंप मचा दिया। इन घटनाओं में एक महिला ने अपनी जान गंवा दी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।
पहला हादसा महवा थाना क्षेत्र में हड़िया मोड़ के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान क्यारदा खुर्द, हिंडौन निवासी अजीत सिंह जाटव और सपना के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर भेजा गया है।
दूसरी घटना जयपुर-आगरा हाईवे पर समलेटी गांव के पास हुई। यहां एक बाइक और स्कूटी के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार महिला को गंभीर चोटें आईं।
घायल महिला की पहचान मंडेरू गांव निवासी फूलवती (पत्नी कैलाश सहाय मीणा) के रूप में हुई। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। दोनों मामलों में केस दर्ज कर पुलिस हादसों के कारणों की जांच में जुटी है।
