दौसा में गैस की किल्लत को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका
Friday, Mar 13, 2026-03:24 PM (IST)
दौसा में गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में आ रही किल्लत को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और गैस की कालाबाजारी तथा बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
गैस की कमी और कालाबाजारी पर उठाए सवाल
विधायक दीनदयाल बैरवा ने कहा कि एक ओर उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस पर प्रभावी रोक लगाने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी की कमी से आमजन परेशान हैं, लेकिन सरकार समस्या को स्वीकार करने के बजाय केवल बयानबाजी कर रही है। उनका कहना था कि लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नजर नहीं आ रहे।
बढ़ी कीमतें वापस लेने की मांग
पूर्व विधायक जीआर खटाना ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आमजन के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने सरकार से गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने, उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ ने कहा कि अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर देश में गैस की कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यूपीए सरकार के समय ऐसे हालात नहीं बने थे।
प्रदर्शन के दौरान जिला प्रमुख हीरालाल सैनी, प्रधान प्रहलाद मीणा, पदम सिंह गुर्जर, नरेंद्र जैमन, मंडल अध्यक्ष दिनेश पाटोली, यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव करतार माल और ओबीसी प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव राजेश कालेड़ा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
