दौसा में जनगणना 2027 की शुरुआत कल से: 1-15 मई तक ऑनलाइन स्वगणना, घर-घर पहुंचेगी टीम

Thursday, Apr 30, 2026-04:14 PM (IST)

दौसा जिले में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और इसका पहला चरण 1 मई से शुरू होने जा रहा है। जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने नागरिकों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।


उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाएं, आधारभूत ढांचा और विभिन्न सरकारी नीतियां तैयार की जाती हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।


इस बार जनगणना में डिजिटल माध्यम को प्राथमिकता दी गई है। 1 से 15 मई तक नागरिक ‘स्वगणना’ के तहत स्वयं ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के जरिए ओटीपी प्राप्त कर लॉगिन किया जा सकेगा। इसके अलावा एचएलओ एप के माध्यम से भी जानकारी भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
स्वगणना पूरी होने पर प्रत्येक परिवार को 11 अंकों की एक यूनिक SE आईडी जारी की जाएगी, जिसे बाद में घर-घर आने वाले प्रगणक को दिखाना होगा।


प्रशासन के अनुसार, जिले में जनगणना कार्य के लिए 3,157 प्रगणक नियुक्त किए गए हैं। करीब सवा पांच लाख परिवारों का डेटा एकत्र किया जाएगा। प्रत्येक प्रगणक को तय समय में 150 से अधिक घरों तक पहुंचकर जानकारी का सत्यापन करना होगा।


कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि वे स्वगणना प्रक्रिया में भाग लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा साझा की गई सभी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News