दौसा में सड़क हादसे के बाद हंगामा, युवक की मौत पर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Tuesday, May 12, 2026-03:43 PM (IST)
राजस्थान के दौसा जिले में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मंगलवार को अस्पताल परिसर के बाहर जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हादसे को हत्या बताते हुए आरोपी ऑटो ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन किया। काफी देर तक चले विरोध के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश पर मामला शांत हुआ।
घटना मानपुर थाना क्षेत्र के कुंडेरा डूंगर रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अशोक महावर देर रात बाइक से सिकराय से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिकराय उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए परिजनों को बुलाया गया, लेकिन इस दौरान मामला गरमा गया।
मृतक के परिजनों ने एक ऑटो ड्राइवर पर जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि आरोपी की गिरफ्तारी होने तक वे शव नहीं लेंगे और पोस्टमार्टम भी नहीं करवाएंगे।
घटना से नाराज ग्रामीण और परिवार के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर जमा हो गए। महिला और पुरुष सड़क पर बैठकर धरना देने लगे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। काफी समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सामने आए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
