बेडरूम में घूसा मगरमच्छ, घंटों तक पलंग के नीचे बैठा रहा, बाल-बाल बचा परिवार

Tuesday, Mar 24, 2026-02:49 PM (IST)

करौली: राजस्थान के करौली जिले के बरखेड़ा गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक विशालकाय मगरमच्छ एक घर के बेडरूम में घुस गया। यह शिकारी जीव पास की बरखेड़ा नदी से होते हुए सीधे इस घर में दाखिल हुआ और पलंग के नीचे छिप गया। सुबह जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे, तो उन्होंने पलंग के नीचे भारी-भरकम पूंछ और खुरदरी खाल देखी। यह दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और पूरे घर में हड़कंप मच गया।

 

यह घटना पीडब्ल्यूडी कर्मचारी रमेश माली के घर की है, जो रात के किसी पहर एक मगरमच्छ के घर में घुसने से बेखबर थे। यह मगरमच्छ बड़ी चुपके से उनके कमरे में पहुंचा और पलंग के नीचे जाकर दुबक गया। जैसे ही रमेश माली के परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे, उनकी नजरें उस मगरमच्छ पर पड़ीं और तुरंत चीख-पुकार मच गई। परिवार ने तुरंत कमरे से बाहर भागकर अपनी जान बचाई।

 

इसके बाद, रेस्क्यू टीम और ग्रामीणों के बीच एक संघर्ष शुरू हुआ। वन विभाग को सूचित किया गया और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मगरमच्छ को काबू करने के लिए करीब एक घंटे तक संघर्ष किया गया। कमरे का आकार छोटा था और मगरमच्छ आक्रामक मूड में था, जिससे रेस्क्यू में काफी समय और मेहनत लगी। अंततः रेस्क्यू टीम ने मगरमच्छ को जाल में फंसा कर बाहर निकाला। जब मगरमच्छ को बाहर निकाला गया, तो बस्ती के लोगों ने राहत की सांस ली।

 

ग्रामीणों का कहना है कि बरखेड़ा नदी में मगरमच्छों की संख्या बहुत बढ़ गई है, और अब ये सीधे आबादी वाले इलाकों में घुसने लगे हैं। अगर जल्द ही नदी के किनारे तारबंदी नहीं की जाती, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल, वन विभाग ने इस मगरमच्छ को एक सुरक्षित जंगल में छोड़ने की योजना बनाई है, ताकि उसे और आसपास के लोगों को खतरा न हो।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News