संविदा नर्सेज की न्याय पदयात्रा जयपुर की ओर, बोनस अंक और भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार से मांग
Monday, Jun 01, 2026-04:32 PM (IST)
राजस्थान में संविदा नर्सिंग और पैरामेडिकल कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर निकाली जा रही ‘न्याय पदयात्रा’ अब जयपुर की ओर बढ़ रही है। राजस्थान नर्सेज भर्ती संघर्ष समिति के नेतृत्व में शुरू हुई यह पदयात्रा डीग जिले के पूंछरी स्थित श्रीनाथजी मंदिर से रवाना हुई और मंगलवार को दौसा जिले में प्रवेश करने वाली है।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य संविदा नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कर्मियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और भर्ती प्रक्रियाओं में बोनस अंक प्रणाली को बनाए रखने की मांग उठाना है।
समिति के अध्यक्ष राकेश सैनी ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी इस पदयात्रा से जुड़ रहे हैं। यात्रा 4 जून को जयपुर पहुंचेगी, जहां प्रतिभागी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर अपनी मांगों का ज्ञापन सरकार को सौंपेंगे।
आंदोलन से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि नर्सिंग और पैरामेडिकल भर्तियों में पूर्व की तरह मेरिट के साथ 10, 20 और 30 बोनस अंक का प्रावधान जारी रखा जाए। उनका तर्क है कि लंबे समय से सेवा दे रहे संविदा कर्मियों के अनुभव को भर्ती प्रक्रिया में उचित महत्व मिलना चाहिए।
संघर्ष समिति ने समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने, न्यूनतम मानदेय 22,500 रुपए निर्धारित करने और संविदा नियमों में बदलाव नहीं करने की मांग भी उठाई है। इसके अलावा सभी संविदा और निविदा कर्मियों को शामिल करते हुए एक समर्पित बोर्ड के गठन तथा विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में लंबित नर्सिंग भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द शुरू करने की मांग की गई है।
पदयात्रा से जुड़े प्रतिनिधियों ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।
