राजसमंद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलाया पीएम का पुतला: महंगाई और गैस किल्लत पर किया प्रदर्शन

Friday, Mar 13, 2026-06:03 PM (IST)

राजसमंद। बढ़ती महंगाई और घरेलू गैस की किल्लत को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में यह प्रदर्शन जिला अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

 

कलेक्टर परिसर में एकत्र हुए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला कलेक्टर को महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें महंगाई और गैस किल्लत की समस्या को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की गई।

 

महंगाई से जनता परेशान: अशोक टांक
पूर्व सभापति अशोक टांक ने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है और घरेलू गैस की कीमतें आम जनता की पहुंच से बाहर हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और सरकार इसे नजरअंदाज कर रही है।

 

जनविरोधी नीतियां वापस लेने की मांग: आशा पालीवाल
पूर्व सभापति आशा पालीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश को कई उम्मीदें थीं, लेकिन उनकी सरकार विदेशी नीतियों के दबाव में देश की गरिमा को कमजोर कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लेती है, तो कांग्रेस पार्टी आगे भी उग्र आंदोलन करेगी।

 

इस प्रदर्शन से यह साफ हो गया कि महंगाई और गैस किल्लत को लेकर लोगों में गुस्सा है, और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सरकार से जवाब चाहती है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News