पाली कलेक्ट्रेट के सामने चूल्हे पर बनी चाय–रोटी: गैस संकट को लेकर कांग्रेस का विरोध, कहा- बुकिंग पर सर्वर डाउन
Friday, Mar 13, 2026-05:56 PM (IST)
पाली। राजस्थान में गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और गैस किल्लत के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाली कलेक्ट्रेट के सामने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। खाली सिलेंडर उल्टे रखकर चूल्हे पर चाय और रोटी बना कर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यह प्रदर्शन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी पाली द्वारा आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों और गैस की कमी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित ने कहा कि इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य गैस किल्लत और महंगाई के खिलाफ विरोध करना है। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीतियों को भी निशाने पर लिया और कहा कि ये नीतियां देश के हित में नहीं हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता केवलचंद गुलेच्छा ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी और गैस किल्लत के कारण आम जनता और व्यापारियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आम आदमी का बजट बिगड़ रहा है और शादियों जैसे सामाजिक कार्यक्रमों के लिए कॉमर्शियल सिलेंडर की उपलब्धता भी पर्याप्त नहीं हो पा रही है।
कांग्रेस नेता महावीर सिंह राजपुरोहित ने आरोप लगाया कि ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच हो रहे युद्धों के कारण भाजपा सरकार की विदेश नीति विफल रही है, जिसके परिणामस्वरूप देश में ईंधन का संकट उत्पन्न हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस की तैनाती भी की गई थी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
