कांग्रेस जिला-ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं, बजट तक फिर टल सकती है नियुक्तियां

1/25/2023 3:41:59 PM

राजस्थान कांग्रेस में संगठन विस्तार नहीं हुआ है। 26 जनवरी से कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू होने जा रहा है। इस अभियान में कांग्रेस बिना संगठन की टीम के उतरने जा रही है। राजस्थान से भारत जोड़ो यात्रा गुजर जाने, नए प्रभारी लग जाने के बाद भी कांग्रेस में नई टीम नहीं बन सकी। कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने भी 4 महीने से ज्यादा वक्त बीत चुका है। यहां तक कि पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में कमल नाथ की नई टीम बन गई है। लेकिन राजस्थान में कांग्रेस इसे लेकर अब भी अधरझूल नजर आती है।

कांग्रेस ने इस महीने की शुरुआत 100 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ की। 4 जनवरी को 100 ब्लॉक अध्यक्षों की पहली लिस्ट आई। माना गया कि अब कांग्रेस जल्द ही तमाम संगठनात्मक नियुक्तियां कर दी जाएंगी। लेकिन 20 दिन से ज्यादा का समय होने बाद अब तक भी ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त नहीं हुए हैं। कांग्रेस ने उसके बाद 88 और 47 की संख्या में ब्लॉक अध्यक्षों की दो सूचियां और जारी की। ऐसे में अब तक 235 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त हुए। 165 ब्लॉक अब भी खाली हैं। दूसरी ओर लम्बा समय बीत जाने के बावजूद अब तक जिलाध्यक्षों की कोई लिस्ट जारी नहीं हुई।

कांग्रेस को लगभग 35 नए जिलाध्यक्ष नियुक्त करने हैं। लेकिन अब तक इसकी एक भी सूची नहीं आई है। कुछ जिलों को छोड़कर पूरे प्रदेश में निर्वतमान कार्यकारिणी ही काम कर रही है। जयपुर और कोटा में तो कांग्रेस को तीन-तीन जिलाध्यक्ष लगाने हैं। मगर अब तक एक भी नहीं लग सका है। कांग्रेस ने उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में यह निर्णय लिया था कि प्रदेशों में 90 से 180 दिन के भीतर तमाम संगठनात्मक नियुक्तियां हो जाएंगी। मगर तब से अब तक 250 दिन से ज्यादा हो गए और कांग्रेस में नियुक्तियां आधी भी नहीं हो सकी हैं।

https://www.youtube.com/watch?v=xaKEqyuQZ80

पिछले साल 27 दिसम्बर को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था कि अगले 15 दिनों में तमाम नियुक्तियां कर दी जाएंगी। मगर उसे भी लगभग महीना भर पूरा हो गया। कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। कांग्रेस इसे भारत जोड़ो यात्रा के एक्सटेंशन के रूप में देख रही है। कांग्रेस ने इसके लिए प्रभारी और पर्यवेक्षक भी बनाए हैं। मगर जिलों में इस अभियान को भी कांग्रेस अपने निवर्तमान पदाधिकारियों के बूते ही करेगी। जिलाध्यक्ष तो ज्यादातर जहां पुराने होंगे ही, वहीं पूरी कार्यकारिणी भी पुरानी होगी। वहीं कई ब्लॉक में तो ब्लॉक अध्यक्ष भी निवर्तमान ही होंगे।

Parveen Kumar

Advertising