घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग पर होगी सख्त कार्रवाई, कलेक्टर ने दिए निर्देश

Tuesday, May 12, 2026-03:39 PM (IST)

जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीओआईटी वीसी सभागार में आयोजित बैठक में आवश्यक सेवाओं, जनगणना-2027, ग्राम रथ अभियान, मुख्यमंत्री विकसित ग्राम एवं वार्ड अभियान सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग को रोकने के लिए नियमित निरीक्षण, आकस्मिक जांच और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाए।

तेज गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने जिले में पेयजल, बिजली और चिकित्सा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए और संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

बैठक में नगर निकाय अधिकारियों को गेनाणियों, नालों और नालियों की सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए। वहीं एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए चिकित्सा अधिकारियों से लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं का अधिक से अधिक टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा संपर्क पोर्टल पर लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News