उदयपुर को 421 करोड़ की विकास सौगात, सीएम भजनलाल बोले- पहले बिजली खरीदते थे, अब दूसरे राज्यों को दे रहे हैं
Sunday, Aug 02, 2026-04:14 PM (IST)
उदयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को उदयपुर जिले को 421 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और 435 नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तय रोडमैप के अनुसार राजस्थान के विकास को गति दे रही है और प्रदेश हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय राजस्थान को अपनी जरूरतों के लिए दूसरे राज्यों से बिजली खरीदनी पड़ती थी, लेकिन अब प्रदेश बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन रहा है और अन्य राज्यों को भी बिजली उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने जल परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश की सबसे अधिक जल परियोजनाएं राजस्थान में संचालित हो रही हैं। हाल ही में लगभग 35 हजार करोड़ रुपये की यमुना जल परियोजना का शिलान्यास किया गया है, जबकि राम जल सेतु लिंक परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। इन परियोजनाओं से प्रदेश के कई जिलों को दीर्घकालिक जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 4 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक 1.78 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले लगभग हर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
उदयपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम से भी जुड़े। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, परिवार और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा विकसित राजस्थान और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' यूथ आइकन पोस्टर का भी विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनजागरूकता, शिक्षा, परामर्श, पुनर्वास और जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर से नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर टाउन हॉल पहुंची। इसमें महिला पुलिसकर्मियों, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला खिलाड़ियों, एनएसएस स्वयंसेविकाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भाग लेकर महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश दिया।
अपने दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने बीड़ा गांव का भ्रमण भी किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा आवरी माता मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक ताराचंद जैन, फूलसिंह मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
