खाटूश्यामजी में तोरण द्वार के पास मारपीट, युवक को पटककर लाठियों से हमला; तीन गिरफ्तार
Monday, Mar 02, 2026-07:07 PM (IST)
सीकर। खाटूश्यामजी कस्बे में शनिवार देर रात करीब 12 बजे तोरण द्वार के पास दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं को अपने-अपने होटल और गेस्ट हाउस में ठहराने को लेकर दोनों पक्षों के युवकों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़े के दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले। एक युवक को जमीन पर पटककर उस पर लाठियों से हमला किया गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए तोरण द्वार के आसपास का इलाका खाली हो गया।
थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। संयोग से कुछ दूरी पर एएसआई श्रवण कुमार गश्त कर रहे थे, जिन्होंने तत्काल हस्तक्षेप किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भारत राणा (27) निवासी रतनगढ़, कालूराम राणा (24) निवासी सालासर और कुलदीप (22) निवासी खुमाड़ा शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि खाटूश्यामजी क्षेत्र में इस तरह के विवाद पहले भी सामने आ चुके हैं। बारिश के दौरान दुकान में शरण लेने, श्रद्धालुओं को प्रसाद या अन्य सामान बेचने और होटल-गेस्ट हाउस में ठहराने को लेकर दुकानदारों व स्थानीय लोगों के बीच कई बार झगड़े हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीर्थस्थल पर बढ़ती भीड़ और प्रतिस्पर्धा के कारण विवाद की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।
