CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका और टीम के साथा स्थानीय ग्रामीणों के बीच हुई झड़प
Friday, Aug 21, 2026-01:48 PM (IST)
जयपुर। सांगानेर क्षेत्र के पास स्थित रामपुरा कंवरपुरा में शुक्रवार सुबह एक सरकारी स्कूल के दौरे को लेकर बड़ा विवाद हो गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनकी टीम का स्कूल का पूर्वनिर्धारित दौरा था। रांका के पहुंचने से पहले ही पार्टी के कुछ कार्यकर्ता स्कूल परिसर के पास पहुंच गए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने उनके स्कूल के भीतर प्रवेश का विरोध किया और उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि स्कूल में प्रवेश को लेकर CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान आशुतोष रांका भी मौके पर पहुंच गए। उनके पहुंचने के बाद विवाद और बढ़ गया।
रांका और कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप
आरोप है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने आशुतोष रांका और उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और पार्टी कार्यकर्ताओं को वहां से हटना पड़ा।
घटना के दौरान हुए विवाद और मारपीट को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस कार्रवाई अथवा किसी पक्ष की शिकायत के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
स्कूलों को लेकर पहले से गरमाया हुआ है मामला
राजस्थान में इन दिनों सरकारी स्कूलों में बाहरी व्यक्तियों और मीडिया के प्रवेश को लेकर राजनीतिक विवाद पहले से चल रहा है। ऐसे में रामपुरा कंवरपुरा के स्कूल में हुआ यह घटनाक्रम भी राजनीतिक चर्चा का विषय बन सकता है। घटना के बाद अब यह देखना होगा कि पुलिस मामले में क्या कार्रवाई करती है और दोनों पक्षों की ओर से क्या आधिकारिक बयान सामने आते हैं।
