शास्त्री नगर भट्टा बस्ती में CJP टीम ने किया राजकीय प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण, प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम

Sunday, Aug 30, 2026-05:18 PM (IST)

जयपुर। शास्त्री नगर स्थित भट्टा बस्ती में स्थानीय निवासियों के आग्रह पर आज CJP टीम ने क्षेत्र के दो राजकीय प्राथमिक विद्यालयों का दौरा कर वहां की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय की स्कूल बिल्डिंग तैयार होने के बावजूद कई वर्षों से बंद पड़ी है। इसके कारण क्षेत्र के छोटे बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए काफी दूर स्थित विद्यालयों में जाना पड़ रहा है। इससे बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

वहीं दूसरे राजकीय प्राथमिक विद्यालय की स्थिति और भी चिंताजनक मिली। विद्यालय पिंजरेनुमा अस्थायी व्यवस्था में संचालित हो रहा है, जहां बच्चों के लिए न तो उचित स्कूल भवन उपलब्ध है और न ही आवश्यक मूलभूत सुविधाएं। CJP की राष्ट्रीय संगठन सह-सचिव रेखा शर्मा, शशि मीणा एवं विशाल सैनी ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय निवासियों से बातचीत की और विद्यालयों की स्थिति का जायजा लिया।

 

इस अवसर पर CJP की राष्ट्रीय संगठन सह-सचिव रेखा शर्मा ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए ऐसी बदहाल परिस्थितियों में रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन को अगले 7 दिनों के भीतर दोनों विद्यालयों में बच्चों के लिए उचित एवं सुरक्षित शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

 

उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो CJP स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

 

CJP ने प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़े विद्यालय भवन को तत्काल शुरू किया जाए तथा दूसरे विद्यालय के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त भवन सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक शिक्षा मिल सके।

 

CJP का स्पष्ट मत है कि हर बच्चे को सुरक्षित वातावरण में बेहतर शिक्षा प्राप्त करना उसका अधिकार है और इस अधिकार के लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए