चूरू में झमाझम बारिश से बदला मौसम, गर्मी और उमस से मिली राहत
Tuesday, Jul 21, 2026-12:55 PM (IST)
चूरू जिले में मंगलवार सुबह हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह का मौसम सुहावना हो गया।
सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और करीब सात बजे हल्की बारिश शुरू हुई। कुछ ही देर में बारिश तेज हो गई, जिससे शहर और आसपास के इलाकों में मौसम पूरी तरह बदल गया। पिछले कई दिनों से तेज गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान थे। सोमवार शाम को भी बादल छाए थे, लेकिन बारिश नहीं हो सकी थी।
बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला है। करीब दो सप्ताह से पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित होने लगी थीं। मंगलवार की बारिश से फसलों को नमी मिली और किसानों ने राहत की सांस ली।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 21 और 22 जुलाई को कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, जबकि भरतपुर और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विभाग का यह भी कहना है कि 23 से 27 जुलाई के बीच राजस्थान के कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में मानसून सक्रिय बना रहेगा। इस अवधि में कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कृषि क्षेत्र के लिए भी यह वर्षा लाभदायक मानी जा रही है।
